ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम दुनिया की सफलतम टीमों में से एक है, लेकिन इस टीम को अपने ही देश में वो पहचान और सम्मान नहीं मिल रहा, जिस पहचान और सम्मान की यह टीम हकदार है। पूर्व कप्तान एलिसा हीली और पूर्व क्रिकेटर मेल जोन्स ने इसको लेकर चिंता जताई है।
दरअसल, पिछले गुरुवार को नॉर्थ सिडनी ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम का तीसरा वनडे मैच खेला जाना था। उसी दिन शाम 7 बजे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुरुष टीम का टेस्ट मैच भी था। दोनों मैचों का समय टकरा गया। सिडनी में बारिश के कारण महिला टीम का मैच सिर्फ 16 गेंदों के बाद ही रद्द करना पड़ा।
इस पर एलिसा हीली ने कहा, "वे शाम 7:15 बजे नॉर्थ सिडनी में खेल रहे हैं और 7 बजे टेस्ट शुरू होगा। हम अपनी ही टीम से टकरा रहे हैं, जो विदेश में खेल रही है। यह बहुत निराशाजनक है। हमारी लड़कियां इतना अच्छा खेल रही हैं, लेकिन अपने ही देश में उन्हें स्पॉटलाइट नहीं मिल रही।"