लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम किया। चैंपियन बनने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम पर जमकर पैसों की बरसात भी हुई है।
आईसीसी ने महिला टी20 विश्व कप 2026 की कुल प्राइज मनी में इस बार 10 प्रतिशत इजाफा किया था। प्राइज मनी को 87,64,615 डॉलर रखा गया था, जो भारतीय रुपये में तकरीबन 83.41 करोड़ बैठती है। सातवीं बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया टीम को 23,40,000 डॉलर की प्राइज मनी से नवाजा गया, जो भारतीय करेंसी के हिसाब से लगभग 22.27 करोड़ है।
वहीं, फाइनल तक का सफर तय करने वाली इंग्लैंड को 11,70,000 डॉलर की प्राइज मनी दी गई, जो भारतीय करेंसी के अनुसार, 11.13 करोड़ रुपये है। भले ही भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रही, लेकिन हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी ने भी इस टी20 विश्व कप में करोड़ों की कमाई की। भारतीय टीम को तकरीबन 2.35 करोड़ रुपये टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए मिलेंगे, जबकि ग्रुप स्टेज में तीन मैच जीतने के लिए भारत को 88.94 लाख रुपये दिए जाएंगे। यानी 3.23 करोड़ रुपये की प्राइज मनी भारतीय टीम को मिलेगी।