इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया के हाथों विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में 7 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। रविवार को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खिताब जीतने का सुनहरा मौका गंवाने के बाद इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने माना कि मेजबान टीम को ज्यादा अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने हरा दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि शानदार टूर्नामेंट के बाद भी इंग्लैंड के पास गर्व करने के लिए बहुत कुछ है।
साइवर-ब्रंट ने 53 गेंदों पर नाबाद 58 रन बनाकर टीम को 150/4 के स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। मेहमान टीम की तरफ से बेथ मूनी ने मैच जिताऊ 64 रन बनाए।
खिताबी मुकाबला गंवाने के बाद साइवर-ब्रंट ने कहा, "इस हार से बहुत निराशा हुई। अब तक हमारा टूर्नामेंट बहुत अच्छा रहा है। आज हमें एक बेहतरीन ऑस्ट्रेलियाई टीम ने हराया, जिसने इतने बड़े फाइनल में अपने अनुभव का सही इस्तेमाल किया।"