T20 World Cup: ऑस्ट्रेलिया 9 से 21 जून तक व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करेगा। इस दौरे पर कंगारू टीम 3 वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों की सीरीज खेलेगी।
ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत वनडे सीरीज के साथ करेगी। सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 11 और सीरीज का अंतिम मुकाबला 14 जून को खेला जाएगा। एकदिवसीय सीरीज के सभी मुकाबलों की मेजबानी ढाका का शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम करेगा। वनडे के बाद टी20 सीरीज की शुरुआत 17 जून से होगी। वहीं, दूसरे टी20 मुकाबला 19 और आखिरी मैच 21 जून को खेला जाएगा। टी-20 सीरीज के सभी मुकाबले चटोग्राम के श्रेष्ठो फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान स्टेडियम में खेले जाएंगे।
यह वनडे सीरीज 15 साल में बांग्लादेश में ऑस्ट्रेलिया की पहली सीरीज भी होगी। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार 2011 में बांग्लादेश में वनडे मुकाबला खेला था। दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली गई थी। सीरीज के सभी मुकाबलों की मेजबानी ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम ने की थी। वह सीरीज माइकल क्लार्क के लिए ऑस्ट्रेलिया के कप्तान के तौर पर पहली सीरीज भी थी।