भारत के पूर्व बल्लेबाज अभिनव मुकुंद का मानना है कि पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को ट्रेड करने के बारे में सोचना भी नहीं चाहिए, क्योंकि वह इस फ्रेंचाइजी के लिए भविष्य के बड़े स्टार हैं।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि 17 नवंबर (आईपीएल 2027 के लिए रिटेंशन की समय-सीमा) से पहले, और 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी से पहले, पांच बार की चैंपियन सीएसके को उर्विल पटेल को ट्रेड करने पर विचार करना चाहिए। म्हात्रे, जिनकी कप्तानी में भारत ने इस साल अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था, पिछले महीने रणजी ट्रॉफी में वापसी के दौरान अपनी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट (टियर) लगवा बैठे थे, जिसके लिए उनकी सर्जरी हुई है।
म्हात्रे के दो से तीन महीने तक मैदान से बाहर रहने की संभावना है। दिलचस्प बात यह है कि इस साल के आईपीएल में सीएसके के लिए खेलते समय भी म्हात्रे की बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। अभिनव मुकुंद ने 'जियोस्टार' के साथ बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि सीएसके के पास उर्विल पटेल जैसे खिलाड़ी को ट्रेड करने का मौका है। सीएसके की टीम में पहले से ही आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा और सरफराज खान जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। अगर ये सभी बल्लेबाज फिट रहते हैं, तो दुर्भाग्य से उर्विल के लिए टीम में जगह नहीं बन पाएगी।"