पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अजहर अली ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी राष्ट्रीय टीम के खराब प्रदर्शन के लिए विभागीय क्रिकेट के बंद होने को जिम्मेदार ठहराया है। पाकिस्तान की 9 टेस्ट और 31 वनडे मैचों में कप्तानी करने वाले अजहर ने विभागीय क्रिकेट को पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीमों के लिए एक "नर्सरी" बताया और कहा कि इसे खत्म किया जा रहा है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हाल ही में दो विभागों -डब्ल्यूएपीडीए और साहिर एसोसिएट्स को 2026-27 के घरेलू सीजन से बाहर कर दिया है, क्योंकि वे नए नियमों का पालन करने में असमर्थ रहे। डब्ल्यूएपीडीए पाकिस्तान की सबसे पुरानी घरेलू टीमों में से एक रही है, जबकि साहिर एसोसिएट्स ने भी पीसीबी की नई शर्तों को स्वीकार नहीं किया।
अजहर ने राष्ट्रीय टीम के खराब प्रदर्शन की मुख्य वजह विभागीय क्रिकेट की अनदेखी को बताया। अजहर ने 'ईएसपीएन क्रिकइन्फो' से कहा, "पाकिस्तान के लिए विभागीय क्रिकेट बहुत जरूरी है। इसने हमारे क्रिकेट में बहुत योगदान दिया है। हमने कुछ साल पहले इसे बंद कर दिया था, और मेरी निजी राय है कि अभी पाकिस्तान के इंटरनेशनल क्रिकेट में जो गिरावट आई है, उसका विभागीय क्रिकेट के बंद होने से गहरा संबंध है। उसके बाद, विभागीय क्रिकेट को उबरने में काफी समय लगा। यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए सबसे बड़ी नर्सरी थी, और आज फिर ऐसा लग रहा है कि इसे खत्म किया जा रहा है।"