वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की सरजमीं पर होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टीम का ऐलान किया है। बाबर आजम को फिर से पाकिस्तान का टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है।
शान मसूद की अगुवाई में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उनसे टेस्ट कप्तानी ले ली गई है। मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान ने खेले 16 टेस्ट मैचों में से 12 में हार का सामना किया। हाल ही में टीम को बांग्लादेश के खिलाफ भी टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी थी। इसके साथ ही साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज में भी टीम का सूपड़ा साफ हुआ था।
सिलेक्टर्स ने वेस्टइंडीज सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। हालांकि, इंग्लैंड दौरे के लिए सऊद शकील को 17वें खिलाड़ी के तौर पर टीम में रखा गया है। मगर शकील को टीम में शामिल होने से पहले फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। सिलेक्टर्स ने टीम में चार युवा खिलाड़ियों को पहली बार शामिल किया है। यह चार खिलाड़ी बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान, बल्लेबाज मुहम्मद अवैस जफर, पेसर उबैद शाह और विकेटकीपर-बल्लेबाज मुहम्मद गाजी गोरी हैं।