T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन की गाज बाबर आजम पर गिरी है। बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम की घोषणा कर दी गई है, लेकिन इस टीम में बाबर आजम का नाम नहीं है। बाबर के साथ ही विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फखर जमान को भी टीम से बाहर रखा गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बाबर का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा था, जहां उन्होंने चार मैचों में सिर्फ 91 रन बनाए। टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों ने उनकी आलोचना की और व्हाइट-बॉल क्रिकेट से ब्रेक लेने की सलाह भी दी थी। हालांकि वनडे फॉर्मेट में 2025 में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा था। बाबर ने 2025 में 17 वनडे मैचों में 77.16 के स्ट्राइक रेट से 544 रन बनाए थे। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज़ में शतक भी लगाया था। इसके बावजूद वनडे टीम से उन्हें बाहर रखना हैरान करने वाला फैसला है।
युवा बल्लेबाज साईम अयूब और तेज गेंदबाज नसीम शाह भी इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। चयनकर्ताओं ने संकेत दिया है कि वे लिमिटेड-ओवर्स सेटअप में नए संयोजन आजमाना चाहते हैं।