पाकिस्तान क्रिकेट टीम के टेस्ट फॉर्मेट के कप्तान बाबर आजम लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। बाबर ने न सिर्फ टेस्ट बल्कि वनडे और टी20 में भी अपनी बल्लेबाज से निराश किया है। हाल ही में इंग्लैंड में संपन्न टेस्ट सीरीज में भी बाबर का प्रदर्शन साधारण रहा।
खराब फॉर्म से बाहर निकलने के लिए बाबर आजम ने अब घरेलू क्रिकेट का रुख किया है। आजम 2019 के बाद पहली बार घरेलू रेड बॉल क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। वह ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (ओजीडीसीएल) के लिए चल रहे प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड 1 फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट में खेलेंगे। विभाग ने उन्हें गेस्ट प्लेयर के तौर पर साइन किया है। बाबर ने आखिरी बार दिसंबर 2019 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेली थी।
ओजीडीसीएल के स्पोर्ट्स हेड फराह के हवाले से कहा गया, "बाबर 16 सितंबर को यूके से पाकिस्तान वापस आएंगे और अगले दिन ओजीडीसीएल स्क्वॉड में शामिल होंगे। उनकी किट का ऑर्डर दे दिया गया है। बाबर आने पर तय करेंगे कि वह दूसरे मैच से खेलेंगे या तीसरे मैच से।"