T20 World Cup: टी20 विश्व कप 2026 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के साथ एकजुटता दिखाई थी। पीसीबी ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने की धमकी भी दी थी, लेकिन अब बीसीबी की तरफ से आए एक बयान ने पाकिस्तान के साथ उसके संबंधों पर सवालिया निशान लगा दिया है। मामला पीसीबी द्वारा संचालित पीएसएल 2026 से जुड़ा हुआ है।
पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल)-2026 की शुरुआत 26 मार्च से हो रही है। सीजन की शुरुआत से ठीक पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने कहा है कि पीएसएल में बांग्लादेश के खिलाड़ियों की मौजूदगी बांग्लादेश सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगी।
एक रिपोर्ट के मुताबिक बीसीबी के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा, "हम अपने क्रिकेटरों को पीएसएल के लिए भेजने से पहले सरकार से अनुमति लेंगे। सामान्य हालात में, इसकी जरूरत नहीं होती। हम खिलाड़ियों को भेजते हैं, वे जाते हैं और खेलकर वापस आ जाते हैं। फिलहाल हालात सामान्य नहीं हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा का मामला है। इसलिए हम सरकार से इस बारे में बात करेंगे।"