Bangladesh vs Pakistan 2nd Test: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट मैच के पहले दिन पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली (Hasan Ali) गेंदबाजी करते हुए बुरी तरह चोटिल हो गए। हसन को स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया।
दरअसल, यह घटना बांग्लादेश की पहली पारी के आठवें ओवर में घटी। हसन अली ने ओवर की पांचवीं गेंद डाली, जिसको तंजीद हसन तमीम ने सामने की तरफ खेला। हसन ने अपने फॉलो-थ्रू में गेंद को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उनका बैलेंस बुरी तरह से बिगड़ गया और वह मैदान पर गिर पड़े। ग्राउंड पर गिरते समय हसन अली का सिर जमीन पर काफी तेजी से लगा, जिसके बाद वह काफी दर्द में दिखाई दिए। हसन काफी देर तक अपना सिर पकड़े बैठे रहे। फिजियो के जांच करने के बाद हसन को स्ट्रेचर पर लेटाकर मैदान से बाहर ले जाया गया।
हालांकि, कुछ समय बाद हसन अली पूरी तरह से ठीक होने के बाद फिर से मैदान पर लौट आए और उन्होंने गेंदबाजी भी शुरू कर दी। पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बांग्लादेश को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया है। मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। महमूदुल हसन जॉय बिना खाता खोले मोहम्मद अब्बास का शिकार बने। इसके बाद तंजीद हसन तमीम 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पहले टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी करने वाले मोमिनुल हक 41 गेंदों का सामना करने के बाद 22 रन बनाकर आउट हुए।
The moment when Hasan Ali got injured.
— Amir (@Khanu_3) May 16, 2026
Prayers for him, May Allah bless him with
Speedy recovery pic.twitter.com/hr54yEAZ0e