Asia Cup: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरे वनडे में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान ने 128 रनों से जीत दर्ज की थी, जबकि पहले एकदिवसीय मुकाबले को बांग्लादेश ने 8 विकेट से अपने नाम किया था।
दूसरे वनडे मुकाबले में पाकिस्तान की ओर से माज सदाकत का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। उन्होंने बल्लेबाजी में महज 46 गेंदों में 75 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, गेंदबाजी में सिर्फ 23 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए थे। सलमान आगा ने भी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 62 गेंदों में 64 रन बनाए थे, जबकि मोहम्मद रिजवान ने 44 रनों का योगदान दिया था।
हालांकि, अच्छी शुरुआत के बावजूद पाकिस्तान ने अंत के ओवरों में लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए थे। पाकिस्तान ने अपने आखिरी 7 विकेट सिर्फ 43 रन जोड़कर गंवाए थे। गेंदबाजी में पाकिस्तान की तरफ से कप्तान शाहीन अफरीदी बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 22 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। वहीं, हैरिस रऊफ ने 3 विकेट अपने नाम किए थे।