बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन सिर्फ 74 ओवरों का खेल हो सका। खराब रोशनी के चलते खेल को बार-बार रोकना पड़ा, जिसके बाद अंतत: स्टंप्स की घोषणा कर दी गई। दिन की समाप्ति तक बांग्लादेश ने 3 विकेट गंवाकर 213 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम शतक से महज 1 रन दूर हैं।
ढाका में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम को महज 9 के स्कोर पर पहला झटका लगा। तंजीद हसन तमीम महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जिसके बाद शादमान इस्लाम ने मोमिनुल हक के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। मोमिनुल ने टीम के खाते में 2 चौकों के साथ 28 रन का योगदान दिया।
मेजबान टीम ने 68 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद शादमान ने कप्तान नजमुल हुसैन के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जुटाए। नजमुल टीम के खाते में सिर्फ 19 रन जोड़ सके।