बिग बैश लीग (बीबीएल) के निजीकरण की मंजूरी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया दे चुका है। लीग की फ्रेंचाइजी मेलबर्न रेनेगेड्स की बिक्री प्रक्रिया का पहला चरण शुरू हो गया है। अमेरिकन टेक एंटरप्रेन्योर संजय गोविल क्लब की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी या फिर पूरी तरह से खरीदने की दौड़ में आगे चल रहे हैं।
सीए, क्रिकेट विक्टोरिया और उनके कंसल्टेंट राइन ग्रुप ने औपचारिक रूप से क्लब की 100 प्रतिशत खरीददारी में दिलचस्पी दिखाने वालों को बुलाया है। इसमें कई आईपीएल टीमों के मालिकों के शामिल होने की संभावना है। 100 प्रतिशत पर बेचे गए क्लबों का मतलब होगा कि वे पूरी तरह से उस निवेशक के मालिक होंगे, जो उनके पूरे ऑपरेशन को चलाएगा।
क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में वाशिंगटन फ्रीडम के मालिक और वेल्श फायर के को-ओनर गोविल ने कहा, "मैं प्रक्रिया का पालन कर रहा हूं। मुझे रेनेगेड्स में दिलचस्पी है, यह रडार पर है। मुझे लगता है कि बहुत सारे बड़े खिलाड़ी इसमें दिलचस्पी लेंगे। मुझे इस बात पर ध्यान देना होगा कि मैं क्या कर सकता हूं। मैं बोली लगाने की लड़ाई में नहीं पड़ना चाहता।"