भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए एक व्यवस्थित रोडमैप तैयार करना शुरू कर दिया है। सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि बोर्ड यह सुनिश्चित करेगा कि इस बड़े टूर्नामेंट से पहले नेशनल टीम को 50-ओवरों के मुकाबलों के लिए पर्याप्त अभ्यास मिले।
गुवाहाटी में सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई अगले साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए एक स्पष्ट योजना पर काम कर रहा है। इस लंबी अवधि की प्लानिंग प्रक्रिया में सेलेक्टर, सपोर्ट स्टाफ और हेड कोच सभी शामिल हैं।
सैकिया ने कहा, "बीसीसीआई वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए एक स्पष्ट रास्ता तैयार कर रहा है। हमारे पास अभी से लेकर अक्टूबर 2027 में टूर्नामेंट शुरू होने तक पर्याप्त वनडे मैच होंगे। हमने इंग्लैंड में होने वाले तीन वनडे मुकाबलों के लिए टीम की घोषणा कर दी है, जो 14 से 19 जुलाई के बीच खेले जाएंगे।"