भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रहे अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। रहाणे को उनके बेहतरीन करियर के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष मिथुन मन्हास और सचिव देवजीत सैकिया ने शुभकामनाएं दी हैं।
बीसीसीआई की तरफ से जारी एक बयान में अध्यक्ष मिन्हास ने कहा, "अजिंक्य रहाणे का करियर इस बात का एक अच्छा उदाहरण है कि टीम को सबसे पहले रखने का क्या मतलब है। उन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट की कुछ सबसे मुश्किल परिस्थितियों में अपने प्रदर्शन से नाम कमाया और विदेशों में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक बन गए।"
उन्होंने कहा, "2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उनकी लीडरशिप हमेशा भारतीय क्रिकेट के अहम अध्यायों में से एक रहेगी। पहले टेस्ट के बाद कमान संभालने के बाद, उन्होंने मुश्किल हालात में एक युवा टीम को लीड किया और मशहूर सीरीज जीत दिलाई, जिसका नतीजा गाबा में ऐतिहासिक जीत के रूप में सामने आया।"