भारतीय क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों की इंजरी की समस्या लगातार बढ़ रही है। इस सिलसिले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया रविवार को बेंगलुरु में क्रिकेट हेड वीवीएस लक्ष्मण से मिलेंगे और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम का जायजा लेंगे।
आईएएनएस को मिली जानकारी के अनुसार, "बीसीसीआई सचिव सैकिया पहले से ही बेंगलुरु में हैं। वे वीवीएस लक्ष्मण के साथ मीटिंग करके चोटों की स्थिति का जायजा लेंगे। अभी यह पता नहीं चला है कि हेड कोच गौतम गंभीर या मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उस मीटिंग में शामिल होंगे या नहीं।"
यह मीटिंग ऐसे समय में हो रही है जब शुरू में उम्मीद थी कि बुमराह और सुदर्शन दोनों कम से कम एक टेस्ट मैच के लिए फिट हो जाएंगे। लेकिन मेडिकल जांच से पता चला है कि बुमराह को पूरी तरह फिट होने में अभी भी समय लगेगा, जबकि सुदर्शन के दाहिने पैर के अंगूठे में दर्द बना हुआ है।