ग्लेन फिलिप्स का प्रदर्शन भारत के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में लाजवाब रहा। सीरीज में 341 रन बनाने के साथ ही फिलिप्स ने कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। पांचवें टी20 में नाबाद 65 रनों की पारी खेलने के बाद फिलिप्स ने अपनी सफलता का मंत्र बताया है।
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में फिलिप्स ने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए। न्यूजीलैंड के इस ऑलराउंडर ने सीरीज में कुल 341 रन बनाए, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक द्विपक्षीय टी20 सीरीज में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में फिल साल्ट द्वारा बनाए गए 331 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुने जाने के बाद कीवी खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा कि उनका पूरा ध्यान 'शिकारी' बनने पर था, न कि 'शिकार' बनने पर। पांचवें मैच में न्यूजीलैंड की भारत पर सात विकेट से जीत के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान फिलिप्स ने कहा, "हां, जैसा आपने कहा कि शांत और संयमित रहना। यह एक अच्छा एहसास है। जब आप मैदान पर स्पष्ट सोच के साथ उतरते हैं और हर गेंद को उसकी खूबी के हिसाब से खेलने की कोशिश करते हैं, तो यही होता है। आपने जैसा कहा कि मैदान पर जाकर 'शिकारी' बनने की कोशिश करना, न कि 'शिकार' बनने की।"