इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच प्रतिष्ठित एशेज प्रतिद्वंद्विता साल 2027 में एक नए अध्याय में प्रवेश करेगी। दोनों टीमें पहली बार 'मिक्स्ड डिसएबिलिटी एशेज' में आमने-सामने होंगी, जिसे दिव्यांग क्रिकेट के लगातार विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इस नई पहल का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अवसर देना और खेल में समान भागीदारी को बढ़ावा देना है।
ऑस्ट्रेलियाई पुरुषों की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीम टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगी। इसका पहला मुकाबला इंग्लैंड के 2027 एशेज समर का हिस्सा होगा। हालांकि, अभी शेड्यूल और वेन्यू की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इस सीरीज से यह सुनिश्चित होगा कि इंग्लैंड की पुरुष, महिला और मिक्स्ड डिसेबिलिटी टीमें एक ही सीजन में एशेज मुकाबलों में हिस्सा लेंगी।
यह घोषणा मिक्स्ड डिसएबिलिटी क्रिकेट की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और विकास को दर्शाती है, जिसने हाल के वर्षों में द्विपक्षीय सीरीज के जरिए नई पहचान बनाई है। इंग्लैंड पहले ही इस प्रारूप में भारत के खिलाफ खेल चुका है और इस गर्मियों में एक और सीरीज की मेजबानी करने वाला है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया अब इस तेजी से विस्तारित हो रहे अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में शामिल होने वाला नया देश बन जाएगा।