भारत के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने वनडे वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर भविष्य की बहुत ज्यादा चिंता करने से इनकार किया है। भुवी ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि फिलहाल उनका ध्यान खेलने और अच्छा प्रदर्शन करने पर है, न कि भविष्य में क्या होगा, इसका अंदाजा लगाने पर।
जब भुवनेश्वर कुमार से पूछा गया कि क्या आईपीएल और घरेलू प्रतियोगिताओं सहित व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उनके हालिया प्रदर्शन से उन्हें वनडे वर्ल्ड कप 2027 की टीम में जगह मिल सकती है? इसके जवाब में भुवी ने 'आईएएनएस' से कहा, "मुझे खेलना है, मैं खेल रहा हूं। उसके बाद क्या होगा, इसका अंदाजा नहीं लगा सकता।"
उत्तर प्रदेश टी20 लीग के चौथे सीजन की शुरुआत 14 अगस्त से होगी, जिसमें यह अनुभवी तेज गेंदबाज 'लखनऊ फाल्कन्स' की कप्तानी करता नजर आएगा। 24 दिनों तक चलने वाले यूपीटी20 सीजन 4 में 34 मैच खेले जाएंगे और पहली बार इसका आयोजन दो शहरों में होगा। लखनऊ में भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में शुरुआती चरण के तहत 13 दिनों में 22 मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद टूर्नामेंट कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में जाएगा, जहां शेष 12 मैच 11 दिनों में खेले जाएंगे।