वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले न्यूजीलैंड टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज बेन सियर्स टखने की चोट के कारण पूरी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
बेन सियर्स की जगह पर 16 सदस्यीय टीम में बेन लिस्टर को शामिल किया गया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया कि सियर्स को मई में आयरलैंड के खिलाफ चार दिन के टेस्ट के बाद से टखने में लगातार दर्द हो रहा था, जो ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के आखिरी दिन और बढ़ गया। इसी कारण एतहियात के तौर पर उन्हें इलाज के लिए न्यूजीलैंड भेजने का फैसला किया गया है।
लिस्टर आने वाले दिनों में गुयाना में न्यूजीलैंड टीम के साथ मिलेंगे। 30 साल के मध्यम गति के तेज गेंदबाज लिस्टर ने 2023 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। वह न्यूजीलैंड के लिए अब तक कुल 17 इंटरनेशनल मुकाबले (4 वनडे और 13 टी20) खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 17 विकेट निकाले हैं। वह अप्रैल में बांग्लादेश के खिलाफ हुई वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा रहे थे।