आईसीसी बोर्ड चुनावों में बड़ा उलटफेर: ख्वाजा हारे, पलानी, उस्मानी और वैन वुरेन की जीत (Image Source: IANS)
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के लंबे समय से डिप्टी चेयरमैन रहे इमरान ख्वाजा को बुधवार को संस्था के सालाना सम्मेलन के दौरान एसोसिएट मेंबर डायरेक्टर्स के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
इस चुनाव में फ्रांस के गुरुमूर्ति पलानी 35 वोटों के साथ सबसे आगे रहे, जबकि मुबाशिर उस्मानी (यूएई) और रूडी वैन वुरेन (नामीबिया) ने 26-26 वोट हासिल किए। इस तरह उन्होंने 17 सदस्यों वाले ताकतवर आईसीसी बोर्ड में दो साल के कार्यकाल के लिए उपलब्ध तीन सीटों पर कब्जा जमाया। पलानी और वैन वुरेन पहली बार आईसीसी के टॉप बोर्ड में शामिल हुए हैं, जबकि उस्मानी अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब रहे।
सिंगापुर के अनुभवी प्रशासक ख्वाजा 23 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे। मुकाबले में शामिल पांचवें उम्मीदवार महिंदा वल्लीपुरम (मलेशिया) को सिर्फ 19 वोट मिले।