भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले को 2007 में भारतीय टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई थी। उस समय कुंबले की उम्र 37 साल थी। कप्तान बनने के एक साल बाद (2008) कुंबले ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। कुंबले को अपने करियर में कप्तानी देर से मिलने का मलाल था और इसका जिक्र भी उन्होंने किया था।
17 अक्टूबर 1970 को बेंगलुरु में जन्मे अनिल कुंबले का नाम भारतीय क्रिकेट इतिहास के सफलतम और सबसे बड़े मैच विनर के रूप में लिया जाता है। कुंबले 56 साल के हो रहे हैं। अपने करियर में कुंबले को एक क्रिकेटर के तौर पर मिलने वाली हर सफलता और उपलब्धि मिली। भारतीय टीम की कप्तानी भी मिली, लेकिन कप्तानी देर से मिलने का उन्हें मलाल था।
अनिल कुंबले ने 2008 में अपने संन्यास के बाद दिए एक इंटरव्यू में उस समय का जिक्र किया था, जब सीनियर होते हुए भी उनकी जगह सौरव गांगुली को कप्तानी दी गई थी। कुंबले को खुद को नजरअंदाज किए जाने से निराशा हुई थी।