मुंबई ने भारतीय क्रिकेट को एक से बढ़कर एक बल्लेबाज दिए हैं। इनमें सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा का नाम प्रमुख है। 2018 में एक और खिलाड़ी के इन दिग्गजों की सूची में शामिल होने की संभावना थी, लेकिन फिलहाल वह खिलाड़ी अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है, नाम है पृथ्वी शॉ।
पृथ्वी शॉ का जन्म 9 नवंबर 1999 को महाराष्ट्र के ठाणे में हुआ था। दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज शॉ सबसे पहले 14 साल की उम्र में 2013 में चर्चा में आए थे। शॉ ने हैरिस शील्ड में अपने स्कूल रिजवी स्प्रिंगफील्ड की ओर से खेलते हुए 330 गेंदों में 85 चौकों और 5 छक्कों के साथ 546 रन बनाए। यह उस दौर में स्कूल क्रिकेट का सर्वोच्च स्कोर था।
लगातार दमदार प्रदर्शन के दम पर शॉ को भारत की अंडर-19 टीम में जगह मिली। वह 2016 में अंडर-19 एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। करीब 2 महीने बाद ही उन्होंने रणजी ट्रॉफी में मुंबई की ओर से डेब्यू किया और तमिलनाडु के खिलाफ दूसरी पारी में शतक जड़कर टीम को जीत दिलाई। 17 साल 320 दिन की उम्र में शॉ ने दलीप ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए शतक लगाया। वह ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। इससे पहले दलीप ट्रॉफी में शतक जड़ने वाले युवा खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर थे।