पंजाब किंग्स के स्पिनर हरप्रीत बरार मैदान पर विराट कोहली के साथ हुई नोक-झोंक की चर्चाओं को ज्यादा तवज्जो नहीं देते। इस खिलाड़ी का मानना है कि दोनों के बीच कोई दुश्मनी नहीं है और एक गेंदबाज का ध्यान पूरी तरह से अपने काम पर होना चाहिए, चाहे दूसरी तरफ कोई भी बल्लेबाजी कर रहा हो।
हरप्रीत बरार ने पहले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोहली को आउट किया है, उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों के बीच दिखने वाली आक्रामकता फ्रेंचाइजी क्रिकेट की प्रतिस्पर्धी प्रवृत्ति का हिस्सा है, न कि कोई निजी मुकाबला।
बरार ने गुरुवार को 'आईएएनएस' के साथ एक खास बातचीत में कहा, "ऐसा नहीं है। यह टीम के लिए अच्छा है। 'राइवलरी' जैसी कोई बात नहीं है। यह सब सोशल मीडिया का एक हथकंडा है जो वहीं शुरू होता है और वहीं खत्म हो जाता है। मैं पंजाब किंग्स के लिए खेलता हूं, वह आरसीबी के लिए खेलते हैं। मैंने उनके साथ सिर्फ फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेला है। हम दोनों टीम के लिए अच्छा करना चाहते हैं।"