India vs Pakistan T20 World Cup 2026: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने कहा कि आगामी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार करने का पाकिस्तान का फैसला वैश्विक क्रिकेट की निष्पक्षता को कमजोर करता है, जिसके देश में खेल पर दीर्घकालिक प्रभाव देखे जा सकते हैं।
गवर्निंग बॉडी ने यह बयान पाकिस्तान सरकार की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए एक पोस्ट के बाद जारी किया, जिसमें कहा गया था कि उसने पाकिस्तानी टीम को टूर्नामेंट के लिए श्रीलंका के यात्रा की अनुमति दे दी है, लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के विरुद्ध होने वाले मुकाबले में न खेलने का फैसला किया है, हालांकि इसका कोई कारण नहीं बताया गया। आईसीसी ने यह भी कहा कि उसे इस बारे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
बयान में कहा गया, "आईसीसी ने पाकिस्तान सरकार के उस बयान पर गौर किया है जिसमें उसने अपनी नेशनल टीम को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में चुनिंदा रूप से हिस्सा लेने का निर्देश दिया है। हालांकि आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहा है, लेकिन चुनिंदा रूप से हिस्सा लेने की यह स्थिति एक ग्लोबल खेल आयोजन के मूल सिद्धांत के साथ मेल नहीं खाती, जहां सभी योग्य टीमों से इवेंट शेड्यूल के अनुसार समान शर्तों पर प्रतिस्पर्धा करने की उम्मीद की जाती है।"