महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम रविवार को अपने अभियान का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। भारत की पुरुष टीम और हेड कोच गौतम गंभीर ने महिला टीम को विश्व कप में दमदार प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन और गौतम गंभीर ने भारतीय महिला टीम से विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
रोहित ने कहा, "भारतीय महिला टीम पिछले कुछ वर्षों से शानदार क्रिकेट खेल रही है। टी20 क्रिकेट में वे कई बार जीत के करीब पहुंची हैं। इस बार उम्मीद है कि वे खिताब अपने नाम करेंगी। पूरी टीम काफी मजबूत और संतुलित नजर आ रही है। इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने का उन्हें अच्छा अनुभव मिलेगा। हम सभी उनकी सफलता के लिए दुआ कर रहे हैं और भारतीय टीम को ढेरों शुभकामनाएं देते हैं।"