ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने माना है कि पेट की मांसपेशियों में आई चोट से इतनी जल्दी उबरने पर उन्हें खुद हैरानी हुई है। उन्होंने बताया कि वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध हैं। फिलहाल यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।
दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज के दौरान ग्रीन को चोट लग गई थी, जिसके बाद से वह खेल से बाहर थे, हालांकि 27 वर्षीय ग्रीन ने न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड पर सीरीज के निर्णायक मैच से पहले नेट्स में अभ्यास किया और अब वह मंगलवार से शुरू होने वाले मैच के लिए चयन की दौड़ में शामिल हैं।
'आईसीसी' संग बातचीत करते हुए ग्रीन ने कहा, "मैं काफी हैरान हूं कि यह चोट कितनी जल्दी ठीक हो गई या कुछ ही हफ्तों बाद मैं कितना बेहतर महसूस कर रहा हूं। यह वाकई अजीब था। मुझे लगता है कि चोट लगने और उसके बाद मांसपेशियों में समस्या आने के बीच एक स्पष्ट संबंध है। मुझे नहीं लगता कि यह महज एक संयोग है, बल्कि दोनों बातें आपस में जुड़ी हुई हैं।"