भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज शनिवार (15 अगस्त) से होने जा रहा है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। कप्तान शुभमन गिल के सामने श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम के दमदार रिकॉर्ड को बनाए रखने की मुश्किल चुनौती होगी। वहीं, मेजबान टीम भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन के चक्रव्यूह में फंसाने की पूरी कोशिश करेगी।
भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 46 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इसमें से 22 मुकाबलों में जीत टीम इंडिया के हाथ लगी है, जबकि श्रीलंका ने 7 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। 17 मुकाबलों का अंत ड्रॉ के रूप में हुआ है। खास बात यह है कि भारतीय टीम ने पिछले 11 साल में श्रीलंका के खिलाफ कोई भी टेस्ट मैच नहीं गंवाया है। भारत को श्रीलंका के हाथों क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में आखिरी हार साल 2015 में मिली थी। इसके बाद से खेले गए 10 टेस्ट मैचों में भारत ने 8 में जीत हासिल की है, तो दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
श्रीलंका की धरती पर भारत ने कुल 24 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें से टीम को 9 मुकाबलों में जीत मिली है। वहीं, 7 मैचों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। 8 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने के लिए आखिरी बार साल 2017 में गई थी, जहां विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को 3-0 से रौंदा था।