भारतीय टी20 टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शेर ए पंजाब टी20 लीग में अमृतसर सूरमाज की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि अपने गृहनगर की टीम की कप्तानी करना बेहद खास है। मैं अमृतसर सूरमाज की कप्तानी करने और पंजाब की अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को आगे बढ़ाने को लेकर उत्साहित हूं।
अभिषेक शर्मा ने कहा, "इस टीम की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है और साथ ही एक भावनात्मक जिम्मेदारी भी है। पंजाब ने मेरे क्रिकेट सफर में मुझे सब कुछ दिया है। अब सिर्फ खिलाड़ी के रूप में नहीं, बल्कि अपने गृह राज्य की टी20 लीग में एक फ्रेंचाइजी की कप्तानी करना मेरे लिए गर्व का पल है।"
उन्होंने कहा, "मेरी व्यक्तिगत सोच हमेशा पहली गेंद से ही विपक्ष पर दबाव बनाने की रही है और मैं चाहता हूं कि यही मानसिकता पूरी प्लेइंग इलेवन में दिखाई दे। बल्लेबाजी, गेंदबाजी या फील्डिंग—किसी भी विभाग में हमें असफलता के डर के साथ नहीं खेलना चाहिए।"