भारत-इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में रविवार को वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच खेला जाना है, जिससे पहले चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की जगह बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हर्ष दुबे को टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को इसकी जानकारी दी है।
गुरुवार को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेले गए मुकाबले के दौरान सुंदर के दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह सीरीज के निर्णायक मुकाबले से बाहर हो गए हैं। 'आईएएनएस' ने पहले ही बताया था कि हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण सुंदर रविवार के मैच में नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि उन्हें ठीक होने के लिए कुछ हफ्तों के आराम की जरूरत है।
बीसीसीआई ने आगे कहा, "कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में दूसरे वनडे के दौरान वॉशिंगटन के दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। वह सीरीज के शेष मैच से बाहर हो गए हैं। आगे के इलाज के लिए वह स्कैन करवाएंगे और किसी विशेषज्ञ की सलाह लेंगे।"