Indian Premier League: राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के कप्तान रियान पराग ने माना कि उनकी टीम ने एक जीता हुआ मैच अपने हाथों से जाने दिया। उन्होंने रविवार को ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आईपीएल 2026 के 28वें मुकाबले में मिली हार के पीछे फील्डिंग में चूक और रणनीति को ठीक से लागू न कर पाने को मुख्य वजह बताया।
पहली पारी पर बात करते हुए पराग को लगा कि उनकी टीम बल्लेबाजी में थोड़ी पीछे रह गई, जबकि उन्होंने शुरुआत में पिच के मिजाज को अच्छी तरह समझ लिया था। राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए। हालांकि, केकेआर ने 156 रनों के लक्ष्य को 19.4 ओवर में हासिल कर लिया।
मैच के बाद उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि शुरुआती चार-पांच ओवरों में हमने पिच का जो आकलन किया था, उसके हिसाब से यह 170 रन बनाने लायक विकेट था। इस वजह से हम शुरुआत में ही 10 रन पीछे चल रहे थे। हालांकि, फिर जिस तरह से हमने वापसी की, गेंदबाजों ने जो मेहनत की, मैं कहूंगा कि यह मैच हमारा था। इसमें कोई बहाना नहीं है। हम कैच नहीं छोड़ सकते, हम ऐसी लाइन पर गेंदबाजी नहीं कर सकते जिससे बल्लेबाजों को मदद मिले। हमारी तरफ से कुछ बचकानी गलतियां हुईं।"