मिजोरम के चिन्मय सुतार रणजी ट्रॉफी के इतिहास में एक ही पारी में 400 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। अपने करियर का दूसरा फर्स्ट-क्लास मैच खेलते हुए, सुतार ने सोविमा स्थित नागालैंड क्रिकेट स्टेडियम में नागालैंड के खिलाफ 'प्लेट ग्रुप' मैच में यह आंकड़ा छुआ। वह 517 गेंदों में 7 छक्कों और 46 चौकों के साथ 400 रन बनाकर नाबाद रहे। इसी के साथ चिन्मय फर्स्ट-क्लास क्रिकेट की एक पारी में 400 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बन गए।
सुतार फर्स्ट-क्लास पारी में 400 या उससे अधिक रन बनाने वाले केवल 10वें बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में ब्रायन लारा और डॉन ब्रैडमैन जैसे महान बल्लेबाज भी शामिल हैं। लारा ने जून 1994 में वारविकशायर की तरफ से खेलते हुए डरहम के खिलाफ 427 गेंदों में नाबाद 501 रन जड़े थे। इसके अलावा, लारा अप्रैल 2004 में इंग्लैंड के विरुद्ध 400 रन की नाबाद पारी खेल चुके हैं।
इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पृथ्वी शॉ के 379 रनों के स्कोर को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। इस लिस्ट में चिन्मय से आगे भाऊसाहेब निंबाल्कर हैं, जिन्होंने 1948-49 में पुणे में काठियावाड़ के खिलाफ महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए नाबाद 443 रन जड़े थे।