वनडे विश्व कप 2027 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रमुख तवेंग्वा मुकुहलानी ने शुक्रवार को कहा कि विश्व कप का सह-मेजबान होना हमारे लिए बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह अवसर वैश्विक क्रिकेट टूर्नामेंट को आयोजित करने की हमारी क्षमता पर भरोसे का प्रतीक है।
जिम्बाब्वे क्रिकेट के एक बयान में मुकुहलानी ने कहा, "आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 को आयोजित करने की हमारी यात्रा में यह एक और अहम पड़ाव है। हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स को मेजबान शहर के तौर पर घोषित किया जाना जिम्बाब्वे के लिए बहुत बड़ा सम्मान है और विश्वस्तरीय क्रिकेट इवेंट्स कराने की हमारी क्षमता पर भरोसा दिखाता है।"
उन्होंने कहा, "यह टूर्नामेंट न केवल हमारे क्रिकेट को बल्कि जिम्बाब्वे के लोगों, संस्कृति, आतिथ्य और शानदार पर्यटन जगहों को दुनिया भर के दर्शकों के सामने दिखाने का एक खास मौका देता है। दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया में अपने सहयोगियों के साथ, हम एक यादगार क्रिकेट वर्ल्ड कप देने की उम्मीद करते हैं जो हमारे महादेश की भावना को दिखाता है।"