'कॉमनवेल्थ गेम्स 2026' का 23वां संस्करण 23 जुलाई से 2 अगस्त के बीच आयोजित होगा। 12 वर्ष बाद एक बार फिर स्कॉटलैंड के ग्लासगो में इन खेलों का आयोजन होने जा रहा है।
ग्लासगो दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा। यहां साल 2014 में 14 वेन्यू पर 17 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ था, जबकि इस बार 8 मील के कॉरिडोर में चार वेन्यू में कुल 10 खेलों पर दुनिया की निगाहें रहेंगी।
इस बार एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, स्विमिंग और पैरा स्विमिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक, ट्रैक साइकिलिंग और पैरा ट्रैक साइकिलिंग, नेटबॉल, वेटलिफ्टिंग और पैरा वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, जूडो, बॉल्स और पैरा बॉल्स, 3x3 बास्केटबॉल और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल जैसे कुल 10 खेल कॉमनवेल्थ गेम्स में देखे जाएंगे, जबकि बर्मिंघम में खेले गए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में 20 खेलों को शामिल किया गया था। यानी इस बार क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, स्क्वैश और रिदमिक जिमनास्टिक, टेबल टेनिस, डाइविंग, रग्बी सेवेंस, बीचबॉल और माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं होंगे।