भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि न्यूजीलैंड में होने वाली आगामी पांच मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में नई गेंद के साथ भुवनेश्वर कुमार टीम की पहली पसंद होने चाहिए। पुजारा के अनुसार, वहां के हालात इस स्विंग गेंदबाज के लिए बहुत अनुकूल हैं, जिससे वह शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
भुवनेश्वर ने बेंगलुरु में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच के जरिए भारतीय टीम में वापसी की थी। हालांकि, बारिश के कारण वह मैच धुल गया था लेकिन अब गुरुवार से क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में शुरू होने वाली सीरीज में उनसे काफी उम्मीदें होंगी।
पुजारा ने 'जियोस्टार' पर कहा, "न्यूजीलैंड के हालात को देखते हुए नई गेंद के साथ भुवनेश्वर पहली पसंद होने चाहिए क्योंकि उनके पास गेंद को स्विंग कराने की बेहतरीन कला है। अगर न्यूजीलैंड में गेंद स्विंग नहीं करेगी, तो फिर कहां करेगी? वहां के हालात उनके लिए एकदम सही हैं। अगर पिच से थोड़ी भी मदद मिलती है, तो वह नई गेंद के साथ पिच से बेहतरीन मूवमेंट निकाल सकते हैं।"