निरंतर बेहतर प्रदर्शन ही टीम में जगह बनाए रखने का एकमात्र तरीका: आवेश खान (Image Source: IANS)
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आवेश खान का कहना है कि टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए प्रतिभा से ज्यादा प्रदर्शन में निरंतरता को बनाए रखना जरूरी है।
भारतीय टीम से फिलहाल बाहर चल रहे आवेश खान ने वापसी से जुड़े सवाल पर आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "अगर आप लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, तो आप टीम में बने रहेंगे। निरंतरता ही टीम में जगह बनाने और उसे बचाए रखने के लिए सबसे अहम है।"
आवेश ने कहा, "मैं अभी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा नहीं हूं। रणजी ट्रॉफी या अन्य घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। मेरी कोशिश अपनी टीम को मैच जिताने की होगी, ताकि मैं उस जगह वापस आ सकूं, जहां का हकदार हूं। मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) के बाद मैं अपनी फिटनेस और गेंदबाजी पर और काम करूंगा।"