इमरान ताहिर एकमात्र ऐसे क्रिकेटर हैं जिनकी बढ़ती उम्र के साथ ऊर्जा बढ़ती जा रही है और प्रदर्शन में लगातार निखार आता जा रहा है। इस लेग स्पिनर को खेलना विपक्षी बल्लेबाजों के लिए अब भी मुश्किल हो रहा है। इमरान ने अपनी दमदार गेंदबाजी से सीपीएल में अपनी टीम अमेजन वॉरियर्स को सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ शानदार जीत दिलाई है।
प्रोविडेंस क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सेंट लूसिया किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। सेंट लूसिया के बल्लेबाजी के फैसले को अमेजन वॉरियर्स के कप्तान इमरान ताहिर ने अपनी घातक गेंदबाजी से गलत साबित कर दिया। इमरान ने 5 विकेट लिए और टी20 फॉर्मेट में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज गेंदबाज बने।
इमरान ने 4 ओवर में मात्र 17 रन देकर 5 विकेट लिए। उनकी इस घातक गेंदबाजी की वजह से सेंट लूसिया किंग्स 18.5 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। कामिल पूरन ने सर्वाधिक 43 रन बनाए, जबकि ओबस पिएनार ने 35 रन बनाए।