क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा आयोजित क्रिकेटरों के सम्मान समारोह में सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने एलन बॉर्डर मेडल जीता है। यह लगातार दूसरा साल है, जब हेड ने यह सम्मान हासिल किया है।
हेड ने 2025-26 में तीनों फॉर्मेट मिलाकर कुल 30 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 1,437 रन बनाए। इसमें एशेज सीरीज के पहले मैच में 83 गेंदों पर 123 रन और एडिलेड टेस्ट में 170 रन की पारी शामिल है। हेड को एलन बॉर्डर मेडल के लिए 153 मत मिले, जबकि दूसरे उम्मीदवार विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी थे, जो 1 मत से पिछड़ गए। उन्हें 152 मत मिले। कैरी ने 24 मैचों में 1,079 रन बनाए और एशेज सीरीज के दौरान 28 शिकार किए।
मिचेल स्टार्क ने शेन वॉर्न पुरुष टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब हासिल किया। एशेज जीत में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए स्टार्क ने 11 टेस्ट मैचों में 24 की औसत से 57 विकेट लिए। इस दौरान स्टार्क का श्रेष्ठ प्रदर्शन 58 रन देकर 7 विकेट रहा।