Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली हार के बाद कैमरून ग्रीन के गेंदबाजी न करने के सवाल पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान ने इसका जवाब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछने को कहा था। रहाणे के बयान के बाद अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ग्रीन की फिटनेस और उनकी इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) का कहना है कि कैमरून ग्रीन पीठ की इंजरी से जूझ रहे हैं और इसकी वजह से वह टूर्नामेंट के शुरुआती 10 से 12 दिनों में गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे। सीए ने बताया कि इस बात की जानकारी पहले ही केकेआर के टीम मैनेजमेंट को दे दी गई थी। मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में केकेआर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद कप्तान रहाणे से पूछा गया कि बाकी गेंदबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद ग्रीन से गेंदबाजी क्यों नहीं कराई गई? इस पर रहाणे ने कहा, "आपको यह सवाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए।"
रहाणे द्वारा निशाना साधे जाने के बाद ग्रीन को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान जारी किया। उन्होंने बताया, "कैमरून ग्रीन की पीठ के निचले हिस्से में चोट है जिसको मैनेज किया जा रहा है। इस वजह से वह कुछ समय के लिए गेंदबाजी से दूर रहेंगे। कैमरून 10 से 12 दिनों में पूरी तरह से फिट होने के बाद गेंदबाजी करते नजर आएंगे। केकेआर टीम को यह बात बता दी गई है और वह इस जानकारी से पूरी तरह से अवगत हैं।"