ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले महीने होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच में हिस्सा लेगी। बांग्लादेश के खिलाफ इस वॉर्मअप मैच के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने 14 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है।
वॉर्मअप मैच के लिए चुनी गई टीम में टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज सैम कॉन्स्टास, कैंपबेल केलावे और कर्टिस पैटरसन को शामिल किया गया है। यह मैच 6 अगस्त से डार्विन के मरारा स्टेडियम में शुरू होगा, जो दो टेस्ट मैचों की सीरीज के आगाज से एक हफ्ते पहले खेला जाएगा। दोनों टीमें 13-13 खिलाड़ियों के साथ खेलने पर सहमत हुई हैं, जिसका मतलब है कि इसे फर्स्ट-क्लास मैच का दर्जा नहीं मिलेगा। टीम में कॉन्स्टास और पैटरसन के साथ विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश फिलिप को भी शामिल किया गया है, जिन्हें सीनियर इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव है। वहीं, केलावे और कोरी रोचिचिओली भी टीम में जगह दी गई है।
कॉन्स्टास पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की आखिरी घर से बाहर हुई सीरीज में टीम का हिस्सा थे, लेकिन एशेज के लिए टॉप ऑर्डर में उनकी जगह जेक वेदरल्ड ने ले ली थी। 23 साल के केलावे ने भी पिछले साल एक शतक और दो अर्धशतक लगाए थे, लेकिन पूरे समर सीजन में उनका औसत 26.78 ही रहा था। इस जोड़ी ने पिछले साल भारत में ऑस्ट्रेलिया ए के लिए दो मैचों में ओपनिंग की थी। लखनऊ में भारत ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट में उन्होंने 198 और 56 रनों की अटूट साझेदारियां की थीं।