इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) द्वारा क्रिकेट कनाडा की सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के बाद क्रिकेट कनाडा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। बोर्ड ने आईसीसी के फैसले को 'अप्रत्याशित' बताया, लेकिन साथ ही कहा कि वह आईसीसी के सभी निर्देशों का पालन करेगा और अपने प्रशासनिक तथा वित्तीय ढांचे में जरूरी सुधार करेगा।
आईसीसी ने सोमवार को अहमदाबाद में हुई अपनी बोर्ड बैठक में क्रिकेट कनाडा की सदस्यता निलंबित करने का फैसला लिया। आईसीसी ने कहा कि क्रिकेट कनाडा ने सदस्य देशों के लिए तय जिम्मेदारियों का गंभीर उल्लंघन किया है। हालांकि, इस निलंबन के बावजूद कनाडा की राष्ट्रीय क्रिकेट टीमें आईसीसी के टूर्नामेंटों में भाग लेने के लिए पात्र रहेंगी।
क्रिकेट कनाडा ने अपने बयान में कहा कि यह फैसला उनके लिए अप्रत्याशित था, क्योंकि एक स्वतंत्र कानूनी समिति पहले से ही काम कर रही है और अगले दो सप्ताह में अपनी अंतरिम रिपोर्ट देने वाली है। इसके बावजूद बोर्ड आईसीसी के फैसले का सम्मान करता है और सभी आवश्यक नियमों का पालन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।