क्रिकेट वेस्टइंडीज ने साल 2026 के घरेलू सीजन के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। कैरेबियाई टीम श्रीलंका, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की मेजबानी करेगी।
घरेलू सीजन का मुख्य आकर्षण श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली दो-दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज होगी, जो आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल का हिस्सा होगी। घरेलू सीजन की शुरुआत जमैका में 3-14 जून तक श्रीलंका के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज के साथ होगी, जिसमें तीन वनडे और इतने ही टी20 इंटरनेशनल मैच होंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। पहला टेस्ट 25-29 जून तक खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 3-7 जुलाई तक खेला जाना है। टेस्ट सीरीज के दोनों मुकाबलों की मेजबानी एंटीगुआ करेगा।
इसके बाद कैरेबियाई टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मुकाबलों की वनडे सीरीज खेलेगी। 11, 13 और 16 जुलाई को शुरुआती तीन वनडे मुकाबलों की मेजबानी गुयाना करेगा, जबकि 19 और 21 जुलाई को होने वाले आखिरी दो वनडे मुकाबले बारबाडोस में खेले जाएंगे। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने एक रिलीज में कहा, "फाइनल शेड्यूल के हिस्से के तौर पर बारबाडोस को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए होस्ट वेन्यू के तौर पर जोड़ा गया है, और अब आखिरी दो मैच वहीं खेले जाएंगे।"