बांग्लादेश क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन में खेले जा रहे टेस्ट मैच के चौथे दिन ऐतिहासिक जीत के करीब है। बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 284 रन पर समेट मैच को अपने कब्जे में ले लिया है।
ऑस्ट्रेलिया से दूसरी पारी में बेहतर बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन कैमरन ग्रीन को छोड़कर कोई भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बांग्लादेश के गेंदबाजों का डटकर सामना नहीं कर सका। ग्रीन अकेले दम पर लड़े। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ग्रीन 201 गेंदों पर 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 104 रन बनाकर नौवें विकेट के रूप में आउट हुए।
चौथे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम को विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी और ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन दोनों ने निराश किया। कैरी 30 और वेबस्टर मात्र 5 रन बनाकर आउट हुए। कमिंस (8) और स्टार्क (18) भी निचले क्रम में ग्रीन का साथ नहीं दे पाए।