AUS vs BAN 1st Test: बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने शतकीय पारी से रचा इतिहास (Image Source: IANS)
बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने डार्विन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शतक लगाकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। तंजिद ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं।
बांग्लादेश के लिए शादमान इस्लाम के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे तंजिद हसन ने 190 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली। इस पारी में 8 चौके और 1 छक्का शामिल था। तंजिद अपने शतक के ठीक बाद आउट हो गए, लेकिन उन्होंने न सिर्फ रिकॉर्ड बनाया, बल्कि अपनी टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बता दें कि तंजिद हसन का यह दूसरा टेस्ट है।
तंजिद की इस पारी ने पूर्व ओपनर हन्नान सरकार के 23 साल पुराने 76 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हन्नान ने 2003 में केर्न्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 76 रन की पारी खेली थी।