पूर्व टेस्ट बल्लेबाज डेविड बून को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) का अंतरिम चेयरमैन बनाया गया है। मौजूदा चेयरमैन माइक बेयर्ड ने सीए बोर्ड को बताया है कि वे दोबारा इस पद के लिए उम्मीदवार नहीं बनेंगे। इसी कारण वह अगले महीने होने वाली वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के दौरान अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा है कि एजीएम के बाद के महीनों में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। बेयर्ड छह साल से सीए बोर्ड में हैं और फरवरी 2023 से चेयरमैन हैं। उन्होंने कहा, "काफी सोच-विचार के बाद मैंने सीए चेयरमैन और डायरेक्टर का पद छोड़ने का फैसला किया है। मुझे खुशी है कि डेविड बून अंतरिम चेयरमैन की भूमिका निभाने के लिए सहमत हो गए हैं, जबकि हम चेयरमैन की औपचारिक नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करेंगे।"
"मैं आने वाले हफ्तों में डेविड के साथ पद सौंपने की प्रक्रिया पूरी करूंगा। मुझे सीएनएसडब्ल्यू बोर्ड और पिछले छह वर्षों से सीए बोर्ड में क्रिकेट की देखरेख में भूमिका निभाने पर बहुत गर्व है, जिसमें लगभग चार साल चेयरमैन के तौर पर भी शामिल हैं।" वहीं, बून को फरवरी 2025 में सीए बोर्ड में नियुक्त किया गया। इससे पहले उन्होंने 9 साल तक क्रिकेट तस्मानिया बोर्ड में डायरेक्टर के तौर पर काम किया, जिसमें तीन साल चेयरमैन के तौर पर भी शामिल थे।