दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए (226 रन), डीसी की आईपीएल इतिहास की ये सबसे बड़ी जीत थी। डीसी के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने इस जीत को टीम के उन दो प्रशंसकों को समर्पित किया है जो अब इस दुनिया में नहीं हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के दो युवा प्रशंसकों, यज्ञ भाटिया और अभव भाटिया, की हाल ही में एक दुखद दुर्घटना में मौत हो गई थी। दोनों चचेरे भाई थे। दोनों भाइयों का निधन 27 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ दिल्ली का मैच देखने के बाद घर जाते समय एक हिट-एंड-रन की घटना में हो गया था।
आरआर के खिलाफ जीत के बाद सोशल मीडिया पर फ्रेंचाइजी द्वारा साझा एक वीडियो में बदानी ने कहा, "यह जीत उन दो लड़कों (यज्ञ और अभव) को समर्पित है जो बदकिस्मती से अब हमारे साथ नहीं हैं। यह जीत उनके लिए है। मुझे लगता है कि आप लोगों ने उन्हें गर्व महसूस कराया है। वे डीसी के बहुत बड़े फैन रहे, कुछ समय से हमारे साथ थे। आपने शायद इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीरें भी देखी होंगी। यह जीत उनके लिए है।"