भारत की ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के साथ ऑस्ट्रेलिया की सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड और बांग्लादेशी बल्लेबाज सोभना मोस्तरी को अक्टूबर 2026 के लिए 'आईसीसी वीमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है।
भारत ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। इस दौरान दीप्ति ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। दीप्ति ने टी20 सीरीज के पहले मैच में 49 रन की पारी खेली थी। इस सीरीज में कुल 2 विकेट भी हासिल किए। इसके बाद उन्होंने वनडे सीरीज में कुल 5 विकेट चटकाए और बल्लेबाजी का इकलौता मौका मिलने पर दूसरे वनडे में 106 रन की नाबाद पारी खेली।
दूसरी तरफ, बांग्लादेश की बल्लेबाज सोभना ने ब्रिस्बेन में इतिहास रच दिया। सोभना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 134 गेंदों पर 118 रन बनाए, जो वनडे फॉर्मेट में किसी बांग्लादेशी महिला खिलाड़ी का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। अपनी इस पारी में उन्होंने 18 बाउंड्री लगाईं। भले ही बांग्लादेश ने सीरीज 0-3 से गंवा दी, लेकिन सोभना ने सीरीज में 43 की औसत के साथ कुल 129 रन बनाकर सभी को प्रभावित किया।