दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) सीजन 3 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 1 जुलाई को दिल्ली में होगी, जिसमें 8 पुरुष और 4 महिला फ्रेंचाइजी अपनी टीमें तैयार करेंगी। इस नीलामी में 400 से ज्यादा पुरुष और 200 से अधिक महिला खिलाड़ी शामिल हैं। 65 पुरुष और 28 महिला खिलाड़ियों को नीलामी से पहले ही उनकी फ्रेंचाइजी ने रिटेन कर लिया था।
सीजन से पहले, 8 पुरुष फ्रेंचाइजी में से प्रत्येक को कुल 1.5 करोड़ रुपए का बजट दिया गया था, जिसमें से रिटेंशन की रकम पहले ही काट ली गई थी। शेष रकम का इस्तेमाल प्रत्येक फ्रेंचाइजी 1 जुलाई को होने वाली नीलामी में करेगी। इसी तरह, 4 महिला फ्रेंचाइजी में से प्रत्येक को 75 लाख रुपए का बजट दिया गया था, जिसमें भी रिटेंशन की कटौती के बाद समायोजन किया गया था।
दोनों प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को उनके अनुभव और क्रिकेट स्तर के आधार पर चार ग्रुप में बांटा गया है। पुरुषों की प्रतियोगिता में, 'मार्की' कैटेगरी में भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, इंडिया-ए के खिलाड़ी और वे खिलाड़ी शामिल हैं, जो पिछले तीन सीजन में किसी भी आईपीएल टीम का हिस्सा रहे हैं।