दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) का तीसरा सीजन 31 जुलाई से 30 अगस्त के बीच खेला जाएगा। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि नए सीजन से पहले खिलाड़ियों की नीलामी 1 जुलाई को होगी। एक महीने तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पुरुषों की आठ टीमें और महिलाओं की चार टीमें हिस्सा लेंगी।
पिछले सीजन में, नीतीश राणा की कप्तानी वाली वेस्ट दिल्ली लायंस ने अपना पहला डीपीएल खिताब जीता था। इस टीम ने फाइनल मैच में सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 6 विकेट से मात दी थी। महिलाओं की प्रतियोगिता में श्वेता सहरावत की अगुवाई वाली साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने फाइनल में सेंट्रल दिल्ली क्वींस को हराकर चैंपियनशिप जीती थी।
आगामी सीजन में कई प्रमुख क्रिकेटर्स शामिल होंगे, जिनमें भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और आईपीएल स्टार ऋषभ पंत, इशांत शर्मा, नीतीश राणा, हर्षित राणा, नवदीप सैनी, आयुष बडोनी, अनुज रावत, प्रियांश आर्य, सुयश शर्मा, दिग्वेश राठी, मयंक रावत, प्रिंस यादव, यश ढुल, सिमरजीत सिंह, हिम्मत सिंह, ऋतिक शौकीन और सार्थक रंजन जैसे नामी खिलाड़ी शामिल हैं।